भोजपुरी साहित्य मण्डल ने किया भावपूर्ण स्मरण, बुद्धिजीवी व पत्रकार रहे उपस्थित बक्सर खबर। भोजपुरी साहित्य मण्डल के बैनर तले शनिवार को बंगाली टोला स्थित आर्या एकेडमी परिसर में हिन्दी और भोजपुरी के दिवंगत साहित्यकार स्व. अतुल मोहन प्रसाद, वरिष्ठ पत्रकार स्व. मन्नू मद्धेसिया और पत्रकार स्व. जितेन्द्र कुमार राम को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। तीनों महान व्यक्तियों का निधन इसी महीने हुआ था। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई। शहर के बुद्धिजीवी, साहित्यप्रेमी, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी साहित्य मण्डल के संरक्षक गणेश उपाध्याय ने तीनों दिवंगत आत्माओं के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर व्याख्यान सत्र का शुभारंभ किया।
संचालन करते हुए महासचिव डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी ने कहा कि स्व. अतुल मोहन प्रसाद हिन्दी व भोजपुरी के साइलेंट लेखक थे। प्रचार से दूर रहकर लगातार लिखते रहे। स्व. मन्नू मद्धेसिया अपने अंतिम समय तक पत्रकारिता धर्म निभाते रहे। वहीं स्व. जितेंद्र राम एक कस्बाई और ग्रामीण परिवेश से जुड़े हुए पत्रकार थे, जिन्होंने एक प्रतिष्ठित हिन्दी अखबार की लम्बी सेवा की।सभा के अध्यक्ष एवं मण्डल अध्यक्ष प्रो. अरुण मोहन भारवि ने कहा कि स्व. अतुल मोहन प्रसाद उनके अनुज थे। उनकी लेखकीय प्रतिभा अद्भुत थी और उनकी लघुकथाएं हिन्दी-भोजपुरी जगत में सदैव याद की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि स्व. मन्नू जी जिले की पुरानी पीढ़ी के उन पत्रकारों में थे, जिन्होंने लाभ-हानि से ऊपर उठकर पत्रकारिता धर्म निभाया। स्व. जितेन्द्र एक कुशल संवाद लेखक व प्रतिभाशाली पत्रकार थे। कवि शिव बहादुर प्रीतम, वरिष्ठ साहित्यकार रामेश्वर प्रसाद वर्मा और प्रसिद्ध कवि श्री भगवान पांडेय ने इन तीनों दिवंगत आत्माओं को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री पांडेय ने कहा कि साहित्य और पत्रकारिता से जुड़े लोगों को स्मरण करना स्वयं में पुण्य का कार्य है। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडेय, राजा रमण पांडेय, कवि प्रेमातुर, कवि विहान, कवि वशिष्ठ पांडेय, इंजीनियर रामाधार सिंह, धनंजय गुड़ाकेश, कौशल शर्मा सहित कई बुद्धिजीवी, शोध छात्र और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

































































































