बुद्ध मार्ग स्थित विराट नगर में धम्मविजय महोत्सव का तीसरा दिन बक्सर खबर। शहर के बुद्ध मार्ग स्थित पीपली बुद्ध विहार के समीप विराट नगर में चल रहे धम्मविजय महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार को सम्राट अशोक महान की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन सम्राट चन्द्रगुप्त क्लब की ओर से किया गया, जिसकी अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष ऋतुराज मौर्य ने की। मौके पर मौर्य, प्रजापति समेत सर्व समाज के लोग जुटे और ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। जयंती उत्सव के दौरान आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उपस्थित भंते बंधुओं को पंचशील के प्रतीक चिह्न पट्टा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंच से संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सम्राट अशोक मौर्य वंश के तीसरे और सबसे प्रसिद्ध सम्राट थे। शासन की शुरुआत में वे एक क्रूर विजेता माने जाते थे, लेकिन कलिंग युद्ध की त्रासदी ने उनकी सोच को बदल दिया। इसके बाद उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाया और जीवन भर शांति, अहिंसा और लोककल्याण के मार्ग पर चलते हुए दुनिया को नया दृष्टिकोण दिया। वक्ताओं ने कहा कि अशोक की मानवीय संवेदनाएं और दूरदृष्टि उन्हें इतिहास के महानतम शासकों में शामिल करती हैं। आज की पीढ़ी के लिए उनका जीवन एक प्रेरणा है। मौके पर बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब उपाध्यक्ष राजू पासवान, कोषाध्यक्ष ज्योति प्रकाश, राज सिंह और राजकुमार सिंह सहित कई सदस्यों की अहम भूमिका रही।