मानवता की मिसाल : तमिलनाडु से भटकर बक्सर पहुंचे युवक की सुरक्षित घर वापसी

0
699

-मानसिक रुप से कमजोर अरल पन्द्रह दिन पहले चाय दुकानदार को मिला था सड़क किनारे
बक्सर खबर। बिहार के लोग संस्कार के कितने धनी हैं। जब यह तमिलनाडु के लोगों को पता चला तो उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने बिहार और बक्सर दोनों को धन्यवाद दिया। यह वाकया है सोमवार का है।  धर्मपुरी तमिलनाडु से चिन्नास्वामी यहां अपने पुत्र अरुल चिन्नास्वामी को लेने आए थे। जो पिछले दो माह से लापता था। वह युवक दलसागर टोल प्लाजा के समीप चाय दुकान चलाने वाले जमेन्द्र साह को मिला था। वे बताते हैं, 28 जून को दोपहर बाद एक युवक बाइक लेकर सड़क किनारे खड़ा था। बार-बार प्लग साफ कर रहा था। लेकिन, उसकी गाड़ी स्टार्ट नहीं हो रही थी।

कई घंटे तक वह यही करता दिखा। तो मैं उसके पास गया। ध्यान से देखा तो पता चला उसके पैर में लोहे की बेड़ी लगी है। कपड़े भी काफी गंदे थे और बाल-दाढ़ी बढ़ी हुई। यह अंदाजा लग गया। इसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है। मैंने उसे अपनी दुकान पर रोका। रात को भोजन कराया और सुलाया। अगले दिन उसके बाल साफ कराए। नहला कर नए कपड़े दिए और दुकान पर ही उसे रखा। सामाजिक कार्यकर्ता मोहित कुशवाहा व औद्योगिक थाने को सूचना दी। पुलिस ने कहा, उसकी बाइक थाना भिजवा दीजिए। लेकिन, कोई ऑटो रिक्शा वाला उसे ले जाने के तीन सौ रुपये मांगता था। इस लिए बाइक मैने यहीं छोड़ दी। उसकी सेवा करने लगा।

पन्द्रह दिन पहले इस हाल में आया था अरुल, पुजारी के साथ फिलहाल इस हाल में

वह तमिल भाषा में अपनी बातें कहता था। लेकिन, मैं उसकी भाषा समझ नहीं पा रहा था। एक दिन नहलाने के दौरान दिखा कि उसकी बाह पर एक फोन नंबर लिखा है। जब उससे संपर्क किया गया तो उन लोगों ने कहा, वह हमारा बच्चा है। पता बताइए, हम लोग आ रहे हैं। लगातार तीन दिन का सफर कर वे लोग सोमवार को बक्सर पहुंचे। बातचीत में पता चला। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है। दो माह पहले लापता हो गया था। शायद वह ट्रेन से पटना आ गया था। वहां स्टेशन अथवा कहीं आस-पास खड़ी हीरो स्प्लेंडर बाइक लेकर निकल गया। बक्सर आते-आते उसका तेल समाप्त हुआ और गाड़ी खड़ी हो गई। और उसकी मुलाकात हो गई बेलाउर के रहने वाले जमेन्द्र साह उर्फ पुजारी से।

जो अपनी दुकान चलाता रहा और उसे भोजन भी देता रहा। पिछले पन्द्रह दिनों में उसकी हालत काफी सुधर गई थी। कपडे बदल दिए गए थे। पैर की बेड़ी भी काट दी गई थी। वह यहां खुब मजे कर रहा था। जब परिवार के लोगों से उसका संपर्क हुआ तो उसकी मां ने वीडियो कॉल पर बात की और उसे देखकर खुब रोई। इसकी सूचना बक्सर खबर को देने वाले युवा जदयू के अध्यक्ष मोहित कुशवाहा ने बताया। हम लोग उसे पहले औद्योगिक थाना ले गए। वहां पुलिस के सामने यह लिखा गया कि, वह सकुशल अपने पिता के साथ जा रहा है। घर वालों ने चाय दुकानदार पुजारी को इस नेक कार्य के लिए धन्यवाद दिया और कुछ उपहार भी। लेकिन, जाते-जाते वामन भूमि की मिट्टी अपने माथे पर लगाते गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here