-स्नातक उत्तीर्ण पूर्व अध्यापकों को मिला लंबे समय बाद प्रमोशन
बक्सर खबर। जिले के 221 मध्य विद्यालयों को प्रधानाध्यापक मिल गए हैं। लंबे समय अंतराल के बाद शिक्षा विभाग ने इस कार्य को पूरा किया है। वर्षो से जिले के मध्य विद्यालयों में प्रधानाध्यापक का पद रिक्त था। हालांकि पूर्व से पूर्णकालिक सरकारी शिक्षक इन विद्यालयों में कार्यरत थे। लेकिन, उन्हें तय नियमों के अनुरूप स्नातक वर्ग में प्रमोशन नहीं मिल रहा था। विभागीय शिथिलता के कारण यह कार्य लंबित था। इसके लिए सरकारी शिक्षक बार-बार मांग कर रहे थे। सरकार के निर्देशों के अनुरूप अब इन्हें स्नातक ग्रेड में प्रमोशन देते हुए प्रधानाध्यापक बना दिया गया है।
इसकी सूची शुक्रवार को ही जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय से जारी कर दी गई। साथ ही साथ दुर्गा पूजा के त्योहार को देखते हुए माह पूर्ण होने से पूर्व ही सितंबर माह का वेतन भी 26 सितंबर को ही सभी शिक्षकों के खाते में जमा करा दिया गया। इसके लिए शिक्षा विभाग ने दस दिन पहले अर्थात 16 सितंबर से ही तैयारी प्रारंभ कर दी थी। और ठीक दस दिन बाद सभी के खाते में उनका वेतन भेज दिया गया है। यह जानकारी शिक्षक नेता शिवजी दुबे ने दी। उन्होंने कहा बहुत पुरानी मांग जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के कारण पूरी हुई हैं। हम उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करते हैं।