मरीजों की परेशानी देख युवा नेता रामजी सिंह ने बढ़ाया मदद का हाथ बक्सर खबर। सदर अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब व्हीलचेयर की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा। गुरुवार को युवाशक्ति सेवा संस्थान के तत्वावधान में युवा नेता आकाश कुमार सिंह उर्फ रामजी सिंह के नेतृत्व में अस्पताल को पांच व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। इन व्हीलचेयर को सदर अस्पताल के उपाधीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में विधिवत ग्रहण किया गया। इस पहल से अस्पताल में आने वाले बुजुर्ग, दिव्यांग एवं गंभीर मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इस मौके पर रामजी सिंह ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से देख रहे थे कि अस्पताल में व्हीलचेयर की कमी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
सरकारी स्तर पर इस कमी को पूरा होने में समय लग सकता था, इसलिए संस्थान ने स्वयं पहल करते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी मरीजों की सुविधा के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही जिला चिकित्सा पदाधिकारी एवं अस्पताल प्रशासन से समन्वय बनाकर अन्य आवश्यक संसाधनों की पूर्ति के लिए भी प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान युवाशक्ति सेवा संस्थान के कई सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें आशुतोष दुबे, शराफत हुसैन, त्रिभुवन ओझा, श्याम जी वर्मा, कन्हैया यादव, माइकल पांडेय, पप्पू जायसवाल, विकास वर्मा और विक्की जायसवाल शामिल थे।






























































































