छठ घाट की सफाई करते समय फिसला पैर, तीन घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव। बक्सर खबर। मंगलवार को राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर पंचायत अंतर्गत तिलकड़ा डेरा गांव में छठ घाट बनाने गए एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय अयोध्या चौहान के पुत्र 36 वर्षीय सुदामा चौहान के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, सुदामा चौहान अपने कुछ साथियों के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब पर छठ घाट बनाने गया था। तालाब में पानी का स्तर काफी ऊंचा था। सफाई के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
कुछ देर तक साथियों को इसकी भनक भी नहीं लगी। तालाब किनारे उसके कपड़े और औजार मिलने पर डूबने की आशंका गहरा गई। सूचना पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की कोशिश के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला गया। सुदामा को तुरंत राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक की पत्नी सुघरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि सुदामा परिवार का इकलौता सहारा था और किसी राइस मिल में मजदूरी कर घर चलाता था।