-किसने किया पिछे से हमला, हत्या कारण तलाश रही पुलिस
बक्सर खबर। राजपुर थाना के खरपुरा गांव में शनिवार को तड़के विमलेश्वर तिवारी (55) की हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को जांच में कुछ खास नहीं मिला। जांच में सिर्फ यही पता चल पाया कि सिर पर पिछे से किसी ने आघात किया। क्योंकि सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट आई थी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। उन लोगों ने बताया, वे घर अकेले रहते थे। शनिवार को तड़के तीन बजे के लगभग वे पानी लेने के लिए उठे थे। तब उनको पड़ोस की एक महिला ने देखा था। उसके बाद क्या और कैसे हुआ। इसकी भनक किसी को नहीं लगी।
यह हत्या किन कारणों से हुई ? यही सवाल सबको परेशान कर रहा है। इस संबंध में पूछने पर थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया था। शनिवार को वे लोग अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में जुटे थे। इस वजह से प्राथमिकी भी दर्ज नहीं हुई है। ऐसी संभावना है आज घर वाले इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे। सूचना के अनुसार विमलेश्वर तिवारी के अन्य परिजन बक्सर में रहते हैं। घटना की सूचना के बाद वे लोग गांव पहुंचे। वे भी इस घटना का कारण समझ नहीं पा रहे हैं।