दिल्ली, महाराष्ट्र, यूपी और बिहार से 21 जरूरतमंद कन्याओं का हुआ पंजीकरण, 20 हजार लोगों के भोज की तैयारी बक्सर खबर। सामाजिक कार्यकर्ता ओम जी यादव के नेतृत्व में आगामी 26 मई को ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह को लेकर सोमवार को समिति के संरक्षक एवं भोजपुरी स्टार अरविंद अकेला उर्फ कल्लू के अहिरौली स्थित आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से इस भव्य आयोजन का नाम विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में आयोजन की तैयारियों, सामाजिक सहभागिता और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सिकंदर यादव, रमाशंकर सिंह कुशवाहा, ज्योति पटेल, दिनेश जायसवाल, ओम जी यादव, गुड्डू आजाद, अंशु पांडे, प्रतिष्ठित व्यवसायी अजय मानसिंहका सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया।
महोत्सव के संयोजक ओम जी यादव ने बताया कि प्रारंभ में 11 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन आम जनमानस की मांग को देखते हुए समिति ने इसे बढ़ाकर 21 जोड़े कर दिया है। बीते कई दिनों से चल रहे पंजीकरण अभियान के दौरान दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों से कुल 21 जरूरतमंद लड़कियों का रजिस्ट्रेशन पूरा हो चुका है। इनमें सर्वाधिक संख्या बक्सर जिले की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक सहयोग देने का प्रयास है। समिति की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए अलमीरा, दीवान पलंग, ड्रेसिंग टेबल, सिलाई मशीन, स्मार्टफोन, आयरन, सीलिंग पंखा, बक्सा, बर्तन सेट, साड़ी, कपड़ा, फल-मिठाई सहित कई आवश्यक और उपयोगी उपहार प्रदान किए जाएंगे।
किला मैदान को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारी की जा रही है। चार टेंट हाउस, आकर्षक लाइटिंग और रंगीन झालरों से पूरा परिसर रोशनी से जगमगाएगा। पूर्वांचल के पांच नामी बावर्चियों की टीम लगभग 20 हजार लोगों के लिए पूड़ी, कचौड़ी, पुलाव, रसगुल्ला सहित कई स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करेगी। महोत्सव की शुरुआत 25 मई से 24 घंटे के अखंड हरि कीर्तन के साथ होगी। समारोह में चार बैंड पार्टियां अपनी प्रस्तुति देंगी, वहीं भोजपुरी जगत के नामचीन कलाकार भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समारोह में चार चांद लगाएंगे।






























































































