गांव-गांव घूमेंगे टीवी युक्त जागरूकता वाहन, योजनाओं की जानकारी देगी सरकार

0
152

मुख्यमंत्री ने किया महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी                          बक्सर खबर। महिलाओं के सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अभिनव पहल के तहत जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में बड़े टीवी स्क्रीन लगाए गए हैं, जिन पर महिलाओं के लिए चलाई जा रही सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की वीडियो क्लिप्स और डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएंगी। कुल 8 जागरूकता वाहन जिले के अलग-अलग गांवों में जाकर महिलाओं को जानकारी देंगे और उनके विचारों को भी एकत्रित करेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। उन्होंने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम 18 अप्रैल से राज्य के सभी गांवों में प्रारंभ होगा और जीविका से जुड़े महिला ग्राम संगठनों की मदद से करीब 70,000 स्थानों पर इसका आयोजन किया जाएगा। इस व्यापक अभियान में लगभग 2 करोड़ महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। सरकार की मंशा है कि हर गांव की महिला न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करे, बल्कि अपनी बात भी खुलकर रखे। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है, जिससे महिलाएं जागरूक होंगी और सरकार के साथ सीधा संवाद स्थापित कर सकेंगी, और उनकी समस्याओं का समाधान के लिए उचित निर्णय लिए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here