——–किला मैदान में 22 दिन तक गूंजेगी राम-कृष्ण लीला बक्सर खबर। ऐतिहासिक किला मैदान में इस साल भी विजयादशमी महोत्सव की भव्य शुरुआत होने जा रही है। रामलीला समिति द्वारा आयोजित यह आयोजन 14 सितम्बर यानी जितिया पर्व से शुरू होगा, जो पूरे 22 दिनों तक चलेगा। समिति के सचिव बैकुण्ठनाथ शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दिन में कृष्ण लीला और रात में राम लीला का मंचन होगा। मंचन का संचालन वृंदावन की प्रसिद्ध लीला संस्थान राधा माधव रासलीला मंडल एवं स्वामी सुरेश उपाध्याय ‘व्यास जी’ के निर्देशन में किया जाएगा। महोत्सव का उद्घाटन बसाव पीठ के पीठाधीश्वर अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज और राम जानकी मंदिर, सीताराम विवाह स्थल के महंत राजाराम शरण दास जी महाराज संयुक्त रूप से करेंगे।
इस मौके पर बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री नितिन नवीन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी हरिशंकर गुप्ता ने बताया कि 14 सितम्बर को संध्या 7 बजे गणेश पूजन और शिव-पार्वती विवाह लीला से महोत्सव की शुरुआत होगी। 15 सितम्बर : दिन में श्रीकृष्ण जन्म लीला और रात में नारद मोह लीला 16 सितम्बर : नंद महोत्सव, पूतना वध और रावण अत्याचार लीला 21 सितम्बर : सीता स्वयंवर और धनुष यज्ञ 24 सितम्बर : राम वनवास और केवट प्रसंग 25 सितम्बर : चित्रकूट में भरत मिलन 26 सितम्बर : सूर्पनखा नासिका भंग 27 सितम्बर : सीताहरण 28 सितम्बर : सुग्रीव मित्रता और वाली वध 29 सितम्बर : लंका दहन 30 सितम्बर : विभीषण शरणागति व सेतुबंध 01 अक्टूबर : लक्ष्मण शक्ति और कुंभकर्ण वध 02 अक्टूबर : दोपहर 2 बजे रावण वध, आतिशबाजी और रावण-मेघनाथ के पुतला दहन।
महोत्सव का समापन 05 अक्टूबर को होगा। इस दिन नगर के श्री चन्द्र मंदिर पर भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का दिव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समिति के सचिव बैकुण्ठनाथ शर्मा ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित करता है, बल्कि बक्सर की ऐतिहासिक धरोहर को भी सम्मानित करता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सभी लोग परिवार सहित कार्यक्रमों में शामिल होकर महोत्सव की शोभा बढ़ाएं।