विंध्याचल जाने की तैयारी में था मृतक, राजपुर के पास दुर्घटना में बाइक के उड़े परखच्चे बक्सर खबर। मंगलवार को राजपुर थाना क्षेत्र के मकोरिया डीह के समीप बक्सर–सासाराम मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धनसोई थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी चंद्रभूषण पांडेय के पुत्र प्रवीण कुमार पांडेय अपने दो साथियों नीरज कुमार पांडेय पिता स्व. धनंजय पांडेय और विनीत कुमार पांडेय पिता हृदय शंकर पांडेय के साथ बाइक से बक्सर की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि वे जिला मुख्यालय से विंध्याचल जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान कृतपुरा गांव निवासी भोला साह के पुत्र गोलू साह अपनी बाइक से राजपुर की तरफ जा रहे थे।
मकोरिया डीह के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और प्रवीण कुमार पांडेय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क दुघर्टना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने पत्रकारों को बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुराने सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के गांव मानिकपुर में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।































































































