——बाथरूम का बहाना बनाकर पुलिस को दिया चकमा बक्सर खबर। नगर थाना की हाजत से एक बाइक चोर के फरार हो जाने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। चोरी के आरोप में गिरफ्तार युवक सूरज गुप्ता पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया और पुलिसकर्मी हाथ मलते रह गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के बाईपास रोड स्थित एक निजी क्लीनिक और अंबेडकर चौक के पास एक मैरिज हॉल से बाइक चोरी की घटनाएं हुई थीं। 24 घंटे के अंदर दो बाइक चोरी की वारदात से पुलिस हरकत में आई और 6 जून को दोनों मामलों में इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हकिमपुर निवासी बिनोद गुप्ता के पुत्र सूरज गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दोनों बाइक भी बरामद हुई थीं।
जानकारी के मुताबिक, सूरज को नगर थाना के हाजत में रखा गया था। दोपहर में उसने शौच जाने की बात कहकर शोर मचाया, जिस पर ड्यूटी पर तैनात मुंशी अजीत कुमार ने उसे थाना भवन के पीछे बने बाथरूम तक ले जाया। उसी दौरान थाना परिसर में किसी अन्य मामले को लेकर हंगामा शुरू हो गया, जिससे मुंशी का ध्यान बंट गया। इसी बीच सूरज ने मौका देखकर महिला स्नानागार के रास्ते थाना की बाउंड्री वॉल फांदी और फरार हो गया। अभियुक्त के भागने की भनक लगते ही पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह थाना के पीछे स्थित बैंक और अन्य इमारतों के बीच गायब हो गया। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना के समय थाना में न तो कोई संतरी मौजूद था और न ही अन्य पुलिसकर्मी, क्योंकि सभी किसी मुंडन संस्कार की ड्यूटी में व्यस्त थे। ऐसे में एक आरोपी का बाथरूम से भाग जाना पुलिस की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए एक टीम बनाई गई है और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।