-शिव चर्चा से लौट रहे उमेश कुमार सिंह के साथ हुई अनहोनी
बक्सर खबर। दो बाइकों की सीधी टक्कर में दो लोगों की दुखद मौत हो गई। सूचना के अनुसार दोनों के चालक गंभीर रुप से घायल थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना रविवार की ढलती शाम बजरी पुल के समीप हुई। यह इलाका भोजपुर जिला के हसन बाजार थाना में आता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों बाइक सवार में से एक का नाम उमेश सिंह (48 वर्ष) था। जो नावानगर थाना के नावानगर गांव के निवासी थे। वे कहीं से शिव चर्चा कर पटना जाने की तैयारी में थे।
रास्ते में ही उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी से टकरा गई। लोगों ने दोनों घायलों को 112 की मदद से तुरंत पीरो के अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, दोनों ने वहीं दम तोड़ दिया। दूसरे युवक का नाम मनू सिंह था। वह पिरो अनुमंडल के चरभूजी बरांव का रहने वाला था। गैर जिले में हुई दुर्घटना के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया होने में विलंब हुआ। आज सोमवार को उमेश सिंह का शव उनके पैतृक गांव नावानगर लाया गया। अपराह्न पांच बजे के लगभग चरित्रवन के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार हुआ। इस दुखद घटना से उनका गांव व परिवार दोनों आहत हैं। उनके पीछे पत्नी मिंटू देवी, पुत्र तरण व एक पुत्री हैं। उमेश सिंह को जानने वालों ने बताया वे लंबे समय तक बक्सर में भी रहे हैं। यहां अंबेडकर चौक के समीप लोहे का ग्रिल वगैरह बनवाते थे।


































































































