——-शाम तक नहीं मिला सुराग, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बक्सर खबर। राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास कर्मनाशा नदी में बुधवार को नहाने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक डूब गया। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। डूबने वाला युवक सोनपा गांव निवासी शिवशंकर राम का पुत्र अनीश कुमार बताया जाता है। वह गुजरात की एक निजी फैक्ट्री में काम करता था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। दस दिन पहले ही वह घर लौटा था।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग नदी किनारे उमड़ पड़े। नीलू खरवार ने इसकी सूचना पुलिस और अंचल प्रशासन को दी। सूचना पाकर राजपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार, सीओ और बीडीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मच गया है। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की तलाश गोताखोरों की मदद से लगातार जारी है।