घायल युवक आरा के निजी अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी बक्सर खबर। नावानगर थाना क्षेत्र के नया बाजार में शुक्रवार की शाम घर से बाजार करने आए एक युवक को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली युवक के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बाजार और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायल युवक की पहचान रामपुर पंचायत के दसियांव गांव निवासी प्रिंसी दुबे उर्फ मंगल दुबे (24 वर्ष), पिता भृगुनाथ दुबे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक केसठ बाजार खरीदारी के लिए आया था, तभी बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में और क्यों हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक सामने नहीं आ सकी है।
गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस और परिजनों की ओर से घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। इस संबंध में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं अस्पताल में इलाज कर रहे डॉ. विकास सिंह ने बताया कि युवक को सीने में गोली लगी है और इलाज जारी है।





























































































