पीएम मोदी को धमकी देने वाले युवक के घर से मिले डार्क वेब टूल्स और फर्जी दस्तावेज

0
0

अमेरिकी खुफिया एजेंसी की वेबसाइट पर दी थी जान से मारने की धमकी, आरोपी अमल कुमार तिवारी गिरफ्तार                                        बक्सर खबर। पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के प्रधानमंत्री को जान से मारने की धमकी देने वाले एक शातिर युवक को धर दबोचा है। आरोपी की पहचान अमल कुमार तिवारी के रूप में हुई है, जो सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पड़री गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक के कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 अप्रैल को सिमरी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक ने संयुक्त राज्य अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA की आधिकारिक वेबसाइट पर एक बेहद आपत्तिजनक पोस्ट डाली है। इस पोस्ट में भारत के प्रधानमंत्री को जान से मारने की सीधी धमकी दी गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर साइबर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने आरोपी अमल कुमार तिवारी के घर पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके कमरे से संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य मिले। पुलिस की जांच में आरोपी के पास से बरामद मोबाइल में कई वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क और क्रिप्टोकरेंसी से संबंधित ऐप्स मिले हैं। इसके अलावा, लैपटॉप में टोर ब्राउजर इंस्टॉल पाया गया, जिसका उपयोग आमतौर पर डार्क वेब को एक्सेस करने के लिए किया जाता है। पुलिस को मौके से एक फर्जी पहचान पत्र भी मिला है, जिसका इस्तेमाल वह साइबर अपराधों को अंजाम देने में कर रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसने पूर्व में कोलकाता एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने की बात भी स्वीकार की है। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज कर ली गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here