——हार्ट अटैक से निधन, पार्टी नेताओं ने दी अंतिम विदाई बक्सर खबर। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोपगुट के जिला सचिव भाकपा माले के सक्रिय कार्यकर्ता कामरेड महेंद्र प्रसाद का गुरुवार की रात अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके जाने से संगठन और पार्टी को ऐसी अपूर्णीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं दिखती। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेंद्र प्रसाद शहर के चीनी मिल मोहल्ला में अपने आवास पर थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने अंतिम सांस ली। खबर फैलते ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार की सुबह भाकपा माले के वरिष्ठ नेता राजदेव सिंह, नगर सचिव ओम प्रकाश सिंह समेत कई साथी उनके घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनकी पार्थिव देह के पास दो मिनट का मौन रखकर अंतिम विदाई दी। साथ ही अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोपगुट का झंडा देकर उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया गया। नेताओं ने कहा कि महेंद्र प्रसाद मजदूर और कर्मचारी हितों की आवाज बुलंद करने वाले ईमानदार और जुझारू नेता थे। उनके निधन से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भरना बेहद मुश्किल होगा। वहीं, सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



























































































