प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा, आम जनता से सहयोग की अपील बक्सर खबर। जिले में ईद-उल-जोहा पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में शुक्रवार की संध्या शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया, वहीं नगर भवन में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी की गई। प्रशासन द्वारा कुल 99 दंडाधिकारी, 25 गश्ती दल और 02 जोनल अधिकारी की तैनाती की गई है। सभी को स्पष्ट निर्देश है कि वे अपने-अपने स्थल पर समय से उपस्थित रहें और लगातार गश्त करते हुए स्थिति की निगरानी करें।
नगर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जा रही है, और किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम 06183-223333 या 112 पर संपर्क करने की अपील की गई है। सभी नगर निकायों को ईदगाहों व मस्जिदों के आसपास सफाई कराने का निर्देश दिया गया है। बिजली विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने, दवा व एम्बुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया है। लोक स्वास्थ्य विभाग को पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।

बकरीद के दिन 7 जून को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक शहर के मेन रोड पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। वहीं, सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की शहर में एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है, और मरीजों या जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को छूट दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचने, शांति बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही, धार्मिक स्थलों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।



































































































