-पिछले एक सप्ताह में छह लोग गवां चुके हैं जान
बक्सर खबर। घर में दो भाई एक साथ सो रहे थे। रात के वक्त उन्हें करैत सांप ने डस लिया। इस वजह से छोटे भाई की मौत हो गई। बड़े का उपचार चल रहा है। घटना मुफस्सिल थाना के बनारपुर गांव की है। मृत बालक अनीस ठाकुर की उम्र लगभग नौ वर्ष के आस-पास थी। उसे बचाया नहीं जा सका। बड़े भाई मनीष ठाकुर (11) का उपचार प्रतापसागर अस्पताल में चल रहा है। यह दोनों बंगाली ठाकुर के पुत्र हैं। रात के वक्त एक ही साथ सो रहे थे। पहले सांप ने छोटे भाई को बांह पर काटा। लेकिन, उसने ध्यान नहीं दिया और पलटकर सो गया।
लगभग घंटे भर बाद सांप ने बड़े भाई को कान के पास काटा तो वह उठकर बैठ गया। तब उसकी नजर सांप पर पड़ी। उसने घर वालों को इसके बारे में बताया। परिजन तुरंत सजग हो गए और सीधे अस्पताल चले गए। वहां पहुंचने के बाद छोटे बच्चे ने दम तोड़ दिया। क्योंकि उसके शरीर में जहर पहले गया था। दूसरे उसकी उम्र कम भी, शायद इस वजह से जहर से जूझ नहीं पाया। ग्रामीणों की सूचना पर वहां मदद के लिए स्नेक सेवर हरिओम पहुंचे। घंटे भर तलाश चली लेकिन, सांप नहीं मिला।
पूछने पर हरिओम ने बताया पिछले एक सप्ताह के दौरान छह लोगों की मौत सांप के काटने से हो चुकी है। यह पहला मामला है जहां परिजन सीधे अस्पताल पहुंचे। इस लिए एक बच्चे को बचाया जा सका। सांप ने पहले जिस बच्चे को डसा उसने समय रहते सजगता नहीं बरती। वैसे एक बात आप जान लें। रात के वक्त अगर बिस्तर पर कोई सांप काटे तो कभी भी भूलकर लापरवाही न करें। क्योंकि बिस्तर में सोने की आदत करैत की होती है। और उसका जहर नाग से भी ज्यादा तेज होता है। इसलिए सांप काटे तो झाड़फूक के चक्कर में नहीं पड़े। एक दिन पहले ही मठिला में बच्ची इसी चक्कर में जान गंवा चुकी है।






























































































