पदोन्नति समारोह का भव्य आयोजन, चार फायर फाइटर बने लीडिंग फायर फाइटर, तीन को मिला सब ऑफिसर का पद बक्सर खबर। बाजार समिति रोड स्थित जिला अग्निशमन कार्यालय के अंतर्गत फायर स्टेशन परिसर में सोमवार को पदोन्नति प्राप्त कर्मियों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति से माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी बना रहा। समारोह के दौरान जिले के कुल चार फायर फाइटर को लीडिंग फायर फाइटर तथा तीन लीडिंग फायर फाइटर को सब ऑफिसर के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। पदोन्नति प्राप्त कर्मियों को पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति के साथ सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव ने की। इस अवसर पर सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी बृज कुमार चौधरी, सदर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, डुमरांव अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी शिखा कुमारी तथा सब ऑफिसर बुन्नी साव सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अपने संबोधन में जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि बढ़ी हुई जिम्मेदारियों का प्रतीक है। उन्होंने नव-पदोन्नत कर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए जिले की अग्निशमन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे। कार्यक्रम के उपरांत पदोन्नत कर्मियों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया। समारोह का समापन आपसी सौहार्द और उत्साह के माहौल में हुआ।






























































































