वैज्ञानिक खेती से होगा किसानों का सशक्तिकरण

0
83

विश्वनाथ नगर में हुआ जिलास्तरीय कार्यक्रम, डीएम ने किया शुभारंभ                                                      बक्सर खबर। इटाढ़ी रोड स्थित विश्वनाथ नगर के विश्वनाथ गार्डेन सभागार में गुरुवार को खरीफ महाभियान को लेकर जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। मंच का संचालन अमान अहमद ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि खरीफ महाभियान के तहत प्रखंड स्तर पर 26 मई से 01 जून तक और पंचायत स्तर पर 02 जून से 21 जून तक किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इन चौपालों के जरिए दूर-दराज के गांवों तक वैज्ञानिक पद्धति से खेती की जानकारी पहुंचाई जाएगी। डीएम ने कहा कि पारंपरिक तरीके से खेती करने के कारण उत्पादन और उत्पादकता में लगातार गिरावट आ रही है। किसानों को लाभ में लाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए वैज्ञानिक पद्धति को अपनाना जरूरी है।

उन्होंने पराली प्रबंधन पर जोर देते हुए बताया कि जागरूकता के बावजूद इस साल 383 किसानों का पंजीकरण ब्लॉक किया गया है। ऐसे में पंचायत और प्रखंड स्तर के कर्मियों को मिलकर अभियान चलाना होगा। खरीफ महाभियान के तहत किसानों और कृषि कर्मियों को जलवायु अनुकूल खेती, मोटे अनाज, बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, शंकर धान, उद्यानिकी फसलें, कृषि यांत्रीकरण और फसल विविधीकरण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला कृषि पदाधिकारी अविनाश शंकर ने बताया कि खरीफ मौसम में जिले के लिए 101353 हेक्टेयर खेती का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें धान 96923 हेक्टेयर, मक्का 3849 हेक्टेयर, अरहर 580 हेक्टेयर शामिल हैं। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ देवकरण और प्लांट ब्रीडिंग विशेषज्ञ हरिगोविंद जायसवाल ने खरीफ फसलों के प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में शामिल जिले के प्रगतिशील किसान व अन्य

डॉ देवकरण ने पावरप्वाइंट प्रस्तुति के जरिए तकनीकी पहलुओं को सरल भाषा में समझाया। मौके पर वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ पारसनाथ, डॉ अभिनव कुमार सिंह, डॉ मिथिलेश कुमार, कृषि अभियंत्रण के सहायक निदेशक आशीष कुमार, एसएओ शेखर कुमार सहित सभी प्रखंड कृषि व उद्यान पदाधिकारी, तकनीकी प्रबंधक, समन्वयक और प्रगतिशील किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम का समन्वय रघुकुल तिलक, चंदन कुमार सिंह, संजय श्रीवास्तव और विकास कुमार राय ने किया। कार्यक्रम में पावरप्वाइंट के जरिए कृषि विभाग की योजनाओं की पूरी जानकारी दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here