प्रकृति बचाओ, जीवन बचाओ का संदेश लेकर साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले दो जांबाज पहुंचे बक्सर

0
91

मुंबई के राहुल और गुजरात के देव सिंह ने तय किया 15 हजार किमी का सफर, लोगों से पर्यावरण संरक्षण की अपील की                                                              बक्सर खबर। प्रकृति संरक्षण का संदेश लेकर साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले मुंबई के राहुल सिंह चौधरी और गुजरात के देव सिंह बुधवार को शहर के ज्योति प्रकाश चौक पहुंचे। दोनों युवाओं का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से प्रकृति के संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति रहेगी तभी धरती पर जीवन संभव है। युवाओं ने कहा कि नदियों, तालाबों, पहाड़ों, पेड़-पौधों, पक्षियों और जंगलों को सुरक्षित रखना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। प्रकृति संतुलन के बिगड़ने के कारण नई-नई बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं और मानव जीवन संकट में पड़ता जा रहा है। यदि समय रहते पर्यावरण की रक्षा नहीं की गई, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

राहुल सिंह चौधरी ने बताया कि लगभग 18 महीने पूर्व वे दोनों मित्र मुंबई से साइकिल पर सवार होकर भारत भ्रमण के लिए निकले थे। अब तक वे करीब 15 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं। इस यात्रा के दौरान उनका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि यात्रा के क्रम में चारों धाम और 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन का संकल्प भी लिया गया है। राहुल सिंह चौधरी अब तक आठ ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं, जबकि देव सिंह भी कई ज्योतिर्लिंगों का दर्शन कर चुके हैं। बक्सर से वे पूर्वी चंपारण स्थित जानकी मंदिर के दर्शन के लिए रवाना होंगे। इसके बाद साइकिल से नेपाल पहुंचकर पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे, जहां उनकी यात्रा के पहले चरण का समापन होगा। तत्पश्चात नेपाल भ्रमण करते हुए वे पुनः भारत लौटेंगे और प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए अपनी यात्रा जारी रखेंगे। अंततः वे वापस मुंबई पहुंचेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here