ट्रैक्टर चालक और साइकिल सवार की मौके पर गई जान, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़ बक्सर खबर। सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक और साइकिल सवार की मौत हो गई। घटना इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव के समीप हुई, जहां साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में कचरा ढोने वाला ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत का कचरा ढोने वाला ट्रैक्टर लेकर राजपुर थाना क्षेत्र के कठजा गांव निवासी योगेंद्र कुमार का पुत्र धर्मेंद्र कुमार इटाढ़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव निवासी विमल शर्मा के पुत्र दयाशंकर शर्मा साइकिल से सड़क पार कर रहे थे। बैरी गांव के समीप अचानक साइकिल ट्रैक्टर के सामने आ गई। अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक संतुलन खो बैठा। ट्रैक्टर साइकिल को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे चाट में पलट गया। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना राहगीरों ने तत्काल इटाढ़ी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस एवं डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से जुड़े थे और अपने-अपने परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इटाढ़ी थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
































































































