– पदाधिकारियों ने सराहा, अध्यापकों और छात्रों को मिला बेहतर मंच
बक्सर खबर। शिक्षा विभाग, बक्सर की मासिक शैक्षिक ई-पत्रिका “बोधिका” के फ़रवरी अंक का शुक्रवार को विमोचन चन्दन कुमार द्विवेदी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (EE&SSA), बक्सर, डॉ. नवनीत कुमार सिंह, वरीय व्याख्याता, डायट डुमरांव, बक्सर, रवि भूषण साहनी, एडीपीसी, बक्सर व पत्रिका के संपादन से जुड़े सदस्यों द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन कुमार द्विवेदी ने कहा कि बिहार शिक्षा परियोजना, बक्सर के तत्वावधान में प्रकाशित शैक्षिक ई-पत्रिका “बोधिका” शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा शिक्षा-प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है।
उन्होंने बताया कि पत्रिका के इस अंक में शैक्षिक नवाचार, शिक्षण-अधिगम सामग्री, विद्यालयी गतिविधियां, प्रेरक लेख, छात्र रचनाएं, कला एवं सृजनात्मक कार्य, शैक्षिक योजनाओं की जानकारी तथा शिक्षा क्षेत्र की समसामयिक उपलब्धियों से संबंधित विविध विषयवस्तु को समाहित किया गया है। यह पत्रिका जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को साझा करने में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम में पत्रिका के संपादन मंडल से जुड़े सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।
सुरेन्द्र प्रसाद सिंह (संभाग प्रभारी, बीईपी, बक्सर), रामभजन राम (संभाग प्रभारी, बीईपी, बक्सर), विमल कुमार सिंह (+2 उच्च विद्यालय, लाखनडिहरा), मो. इमाम अली अंसारी (मध्य विद्यालय, नथुनी अहीर के डेरा), डॉ. मृत्युंजय राय (जवाहर ज्योति उच्च विद्यालय, बसुधर), सुगंधा कुमारी (मध्य विद्यालय, धनहा), रवि प्रकाश (हाई स्कूल, कठार) सहित अन्य शिक्षाविद एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने “बोधिका” के नियमित प्रकाशन की सराहना करते हुए इसे जिले की शैक्षिक उन्नति के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक प्रयासों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।































































































