कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने काटा केक, संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने का लिया संकल्प बक्सर खबर। शहर के ज्योति प्रकाश चौक स्थित राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला कार्यालय में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर पार्टी का तीसरा स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं और संगठन विस्तार का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 से 2029 सत्र के लिए सदस्यता अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला संयोजक मंडल के सदस्य बबन सिंह कुशवाहा तथा वरिष्ठ नेता दिनानाथ ठाकुर ने संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन को और अधिक धारदार एवं मजबूत बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने में जुटे हुए हैं। अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़कर जमीनी स्तर पर संगठन को विस्तार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी नीतियों और एजेंडे को बिहार एवं केंद्र की सरकार तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के साथ-साथ गांव-गांव तक प्रसारित करने का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम में अरुण कुशवाहा, मनोज कुशवाहा, अर्जुन कुशवाहा, प्रकाश कुशवाहा, राजेश कुशवाहा, संजय कुशवाहा, सत्येंद्र कुशवाहा, हिटलर कुशवाहा, राजकुमार मेहता, रमेश कुमार वर्मा, अरविंद कुशवाहा, धनजी कुशवाहा सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।































































































