-कंचन नदी किनारे अमरपुर गांव के समीप बरामद हुआ बिखरा सामान
बक्सर खबर। धनसोई बाजार में स्वर्ण आभूषण की दुकान से चोरी गहने के खाली डब्बे बुधवार को बरामद हुए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। कंचन नदी के किनारे धनसोई हाई स्कूल से कुछ दूर अमरपुर गांव के बधार में बहुत सारे वेजर के डब्बे व पैकेट पड़े हैं। मौके पर पहुंची टीम ने वहां से सामान एकत्र करना शुरू किया तो एक सोने की (नाक वाली) कील व चांदी की एक चेन बरामद हुई। खबर पाकर दुकानदार बिट्टू वर्मा के परिवार के लोग भी पहुंचे थे।
बिखरे सामान को देखकर यही प्रतीत हो रहा था। यहीं पर बैठकर चोरों ने आपस में बंटवारा किया है। पास से ही कुछ देसी शराब के कागज वाले पाउच भी मिले। जिनकी संख्या नौ थी। तीन दिन पहले हुई इस चोरी में खोजी कुत्ता भी लाया गया था। लेकिन, वह बहुत दूर तक नहीं जा सका था। पूछने पर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा, टीम जांच में लगी है। हम लोग अपने स्तर से हर संभव प्रयास कर रहे हैं। जिससे चोरों का पता लगाया जा सके।































































































