संदिग्ध गतिविधियों ने खोला राज, चोरी के मोबाइल, चांदी की पायल और ज्वेलरी बरामद बक्सर खबर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन-यात्री सुरक्षा के तहत शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर दो पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन एवं ज्वेलरी बरामद की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीम प्लेटफॉर्म पर सघन जांच कर रही थी। इसी क्रम में एक युवक की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।
जांच के दौरान उसके पास से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन, दो सेट चांदी की पायल, एक आर्टिफिशियल नेकलेस तथा एक सेट आर्टिफिशियल ईयर रिंग बरामद किए गए। बरामद सामान के संबंध में युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पकड़े गए युवक की पहचान महावीर मुशहर (19 वर्ष), पिता- मुन्ना मुशहर, निवासी- मंगराव, थाना- राजपुर के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह टॉप अपराधी सूची में शामिल बताया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपी को सुपुर्द कर दिया गया है।






























































































