बक्सर से टूड़ीगंज के बीच चली सघन चेकिंग,107 लीटर शराब जब्त बक्सर खबर। रेल पुलिस ने ऑपरेशन-सतर्क के तहत ट्रेन के इंजन से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान इंजन में छुपे तीन शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की कुल मात्रा 107.850 लीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 78,190 रुपये बताई जा रही है। सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर रविवार की देर रात ट्रेन संख्या 63230 बनारस–आरा पैसेंजर के बीच वाले इंजन की सघन जांच की गई। रात में बक्सर और टूड़ीगंज स्टेशन के बीच चेकिंग अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान इंजन के अंदर छुपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। इंजन में छिपे तीन युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुनगुन कुमार (20 वर्ष), पिता – लेफ्टिनेंट रामबाबू राय, श्रवण कुमार (19 वर्ष), पिता – रामदेव राय और संजय कुमार (19 वर्ष), पिता – लेफ्टिनेंट लालबाबू राय, तीनों निवासी- नया टोला देदौर, थाना बख्तियारपुर, जिला पटना के रुप में हुई है। तीनों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में एसआई विजेंद्र मुआल, एएसआई उमेश राय, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी करण सिंह, आरक्षी डीके सिंह, आरक्षी बीके गौड़ तथा जीआरपी की टीम शामिल रही।
































































































