पारस हॉस्पिटल में कुख्यात चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या

0
1861

इलाज के नाम पर पैरोल पर बाहर, सुरक्षा के बीच अस्पताल में घुसे बदमाश, ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप                                                                   बक्सर खबर। राजधानी पटना के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले पारस हॉस्पिटल में गुरुवार सुबह जो हुआ, उसने पूरे राज्य की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। इलाज के लिए भर्ती कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की दिनदहाड़े अस्पताल के अंदर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। पांच की संख्या में आए अज्ञात बदमाशों ने सीधे अस्पताल के दूसरे माले पर बने वार्ड में धावा बोला और ताबड़तोड़ फायरिंग कर चंदन मिश्रा को घायल कर दिया। गोली लगते ही अफरातफरी मच गई, अस्पताल में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

घायल अवस्था में चंदन मिश्रा को आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ ही घंटे में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची शास्त्री नगर थाना पुलिस ने पूरे अस्पताल को घेर कर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। बताया जा रहा है कि चंदन मिश्रा राजेंद्र केसरी हत्याकांड का मुख्य आरोपी और सजायाफ्ता था और लंबे समय से बेउर जेल में बंद था। स्वास्थ्य कारणों से उसे 20-21 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था और वह पारस हॉस्पिटल में भर्ती था। सूत्रों का दावा है कि इस दौरान वह अपने गांव औद्योगिक थाना क्षेत्र के सोनवर्षा में भी देखा गया था, जिससे उसकी गतिविधियों पर पहले से ही सवाल उठ रहे थे। पारस हॉस्पिटल जैसा हाई-सिक्योरिटी जोन समझा जाने वाला स्थान अपराधियों के लिए इतना आसान कैसे बना, यह पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है। दिनदहाड़े पांच हथियारबंद हमलावरों का अस्पताल में घुसना और सीधे हत्या कर निकल जाना, बिहार पुलिस के इकबाल पर चोट है।

चंदन मिश्रा का फाईल फोटो

चंदन मिश्रा का नाम बिहार के अपराध जगत में किसी कुख्यात ब्रांड जैसा जाना जाता है। राजेंद्र केसरी हत्याकांड के अलावा उस पर हत्या, लूट और फिरौती के दर्जनों केस दर्ज हैं। इस हत्याकांड में उसके साथ शेरु सिंह का नाम भी सामने आया था, जो फिलहाल भागलपुर जेल में बंद है। यही शेरु सिंह आरा के तनिष्क शोरूम लूट में भी आरोपित है, जिसे बिहार की अब तक की सबसे बड़ी लूट बताया जाता है। बक्सर एसपी शुभम आर्य ने कहा है कि पटना पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जिले में भी सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आखिर चंदन मिश्रा की गतिविधियों की निगरानी में चूक कैसे हुई और पैरोल की आड़ में वह कैसे आराम से बाहर घूमता रहा।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here