बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय, 14 अप्रैल को मनेगी आंबेडकर जयंती बक्सर खबर। जिला अतिपिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को शहर के श्वेत नगर स्थित करीमन ठाकुर के आवास पर संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक सह पूर्व प्रत्याशी सरोज राजभर ने की, जबकि मंच का संचालन रामएकबाल ठाकुर द्वारा किया गया। बैठक के दौरान संगठन की भविष्य की रणनीतियों और सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सबसे बड़ा निर्णय आगामी पंचायत चुनावों को लेकर लिया गया। सदन में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि इस बार पंचायत चुनाव में मोर्चा द्वारा समर्थित प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेंगे। संगठन ने स्पष्ट किया कि अतिपिछड़ों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य है।
मोर्चा ने आगामी 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती को समारोहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सरोज राजभर ने कहा कि दलितों और अतिपिछड़ों के हक की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ी जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि संघर्ष मोर्चा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के न्याय के लिए सदैव तत्पर रहेगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से जिला सह-संयोजक दीनानाथ ठाकुर, महिला संयोजिका कृष्णावती देवी, अजीत कुमार, पार्षद प्रतिनिधि राजू ठाकुर, मुन्ना राजभर, सत्येंद्र नारायण, रमेश राजभर, सुरेन्द्र ठाकुर, भृगु चौहान, लालबाबू माली, धर्मेन्द्र राजभर, जवाहर राजभर, विनोद ठाकुर, करण बिंद, बंस नारायण राम, शिवशंकर राजभर, विश्वकर्मा राजभर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में अधिवक्ता अजय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन कर सभा का समापन किया।
































































































