——-17 से 25 सितंबर तक चलेगा हर घर संपर्क अभियान, किला मैदान में होगा सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ बक्सर खबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर जिले में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां जोर पकड़ चुकी हैं। एक ओर भारतीय जनता पार्टी ने सेवा पखवाड़ा सह हर घर संपर्क कार्यक्रम की रूपरेखा तय की है, वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने “सांसद खेल महोत्सव” के आयोजन की घोषणा की है। नगर पश्चिम मंडल की बैठक नगर अध्यक्ष अजय वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन नगर उपाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव और धन्यवाद ज्ञापन नगर महामंत्री अंजय चौबे ने किया। बैठक में नगर अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे महिलाओं को स्वरोजगार के लिए जीविका के तहत 10 हजार रुपए की मदद का जिक्र किया। नगर प्रभारी सह जिला उपाध्यक्ष निर्भय राय ने कहा कि चुनावी शंखनाद हो चुका है, किसी भी समय तारीखों का ऐलान हो सकता है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करना होगा। बैठक में भोजपुर प्रभारी राजेश सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष पुनीत सिंह, विस्तारक राकेश गुप्ता, नगर महामंत्री पवन चौरसिया सहित सभी बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसी कड़ी में केन्द्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने किला मैदान में 17 सितंबर को सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ करने का ऐलान किया है। इसका उद्घाटन बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह करेंगे। खेल महोत्सव का निबंधन 11 सितंबर से 30 सितंबर तक चल रहा है और 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक यह महोत्सव बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों और अनुमंडलों में आयोजित किया जाएगा। समापन 24 दिसंबर को किला मैदान में होगा। इस महोत्सव में कबड्डी (बालक/बालिका), खो-खो (बालक/बालिका), वॉलीबॉल (पुरुष वर्ग), लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 100 मीटर, 400 मीटर और 1600 मीटर दौड़ जैसे खेल शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खेल से न केवल युवाओं में अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा और राष्ट्र निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त होता है।
































































































