500 पुस्तकें दान करने की घोषणा, 28 को मनेगा भव्य होली मिलन समारोह बक्सर खबर। नगर थाना के समीप स्थित गोयल स्मृति भवन में रविवार को बक्सर चैंबर्स ऑफ कॉमर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद ने की। इस दौरान सचिव दौलत चंद गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल की उपस्थिति में बक्सर पब्लिक स्कूल के निदेशक निर्मल कुमार सिंह को सर्वसम्मति से बक्सर चैंबर्स ऑफ कॉमर्स का मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। बैठक में संगठन को सशक्त एवं सक्रिय बनाने को लेकर कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
चैंबर्स ऑफ कॉमर्स का बैंक खाता खोलने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिन सदस्यों ने सत्र 2025-26 की सदस्यता शुल्क अभी तक जमा नहीं की है, उनसे हर हाल में 15 फरवरी तक शुल्क जमा करने का आग्रह किया गया। यह भी जानकारी दी गई कि सत्र 2026-27 का नया कार्यकाल एक अप्रैल से प्रारंभ होगा। बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स का स्थायी कार्यालय खोलने पर भी सहमति बनी। पुस्तकालय रोड स्थित सरस्वती पुस्तकालय को चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में पुनर्जीवित कर नियमित संचालन करने का प्रस्ताव पारित किया गया। वरिष्ठ सदस्य रोहतास गोयल के सुझाव पर यह निर्णय लिया गया कि सरस्वती पुस्तकालय परिसर में ही चैंबर ऑफ कॉमर्स का कार्यालय खोला जाएगा, ताकि पुस्तकालय का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।
नवनियुक्त मीडिया प्रभारी निर्मल कुमार सिंह ने सरस्वती पुस्तकालय को 500 नई पुस्तकें दान देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभी सदस्यों को आई कार्ड उपलब्ध कराने की भी घोषणा की, जिसका बैठक में स्वागत किया गया। निर्णय लिया गया कि आगामी 28 फरवरी को होली मिलन समारोह का आयोजन सभी सदस्यों की उपस्थिति में लजीज व्यंजनों के साथ धूमधाम से किया जाएगा। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नए सदस्यों को जोड़ने का भी संकल्प लिया गया। बैठक के अंत में 3 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे सरस्वती पुस्तकालय के निरीक्षण हेतु सभी सम्मानित सदस्यों से उपस्थित रहने का आग्रह किया गया। बैठक में रोहतास गोयल, संजय कुमार मिश्रा, गोपाल जी केशरी, मनोज कुमार वर्मा, परशुराम जी वर्मा, मंजेश केशरी एवं आशीष गुप्ता उपस्थित रहे।































































































