दहेज की वेदी पर चढ़ी नवविवाहिता, शादी के दो माह बाद ही फंदे से लटका मिला शव

0
0

पिता का आरोप- बुलेट और दो लाख के लिए गला दबाकर की हत्या, पति और सास गिरफ्तार                           बक्सर खबर। शहर के बीबीगंज मोहल्ले में रविवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक नवविवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका की पहचान सोहनी पट्टी मोहल्ले के कन्हैया पांडेय की पुत्री श्यामा कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी दिसंबर 2025 में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के वीरपुर निवासी स्व. संजय चौबे के पुत्र राहुल कुमार चौबे के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद दंपति बीबीगंज मोहल्ले में केके मंडल महिला कॉलेज के समीप स्थित मकान में रहने लगे थे।

मृतका के पिता कन्हैया पांडेय ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में दो लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। बताया जाता है कि रविवार को ही श्यामा कुमारी ने अपने पिता को फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी। पिता ने उसे सोमवार को घर लाने का आश्वासन दिया था। शाम करीब छह बजे पति राहुल चौबे ने फोन कर ससुर को सूचना दी कि उनकी पुत्री ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही कन्हैया पांडेय बेटी के ससुराल पहुंचे। उनका कहना है कि कमरे का दरवाजा खुला था और उनकी पुत्री पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मृतका के पिता ने पति राहुल चौबे, सास सीमा देवी और ननद पूजा के खिलाफ दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने और शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मामले में पति राहुल चौबे और सास सीमा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ननद की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here