-मायके वालों ने पुलिस से कहा, कर दी गई हत्या
बक्सर खबर। महदह गांव में ब्याही गई नेहा कुमारी (20) की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई है। मायके वालों का आरोप है, ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी है। पति शंकर कुशवाहा ही इसका मुख्य कारण है। पिछले ही वर्ष 2025 में ब्रह्मपुर के रहथुआ गांव की रहने वाली नेहा की शादी मुफस्सिल थाना के महदह गांव निवासी शंकर कुशवाहा से हुई थी। शनिवार की रात उसकी मौत हो गई। ससुराल वालों ने मायके वालों को सूचना दी। आपकी बेटी ने जीवन लीला समाप्त कर ली है। सूचना के अनुसार उसने स्वयं ही फंदे से लटक गई।
सूचना मिलते ही घर वाले भागे-भागे वहां पहुंचे। लेकिन, उसका शव फंदे से हटाकर बिस्तर पर रख दिया गया था। मायके वालों का कहना है, यह साजिश है, उसकी हत्या कर दी गई है। आज रविवार की सुबह मुफस्सिल थाने की पुलिस वहां पहुंची। जांच के दौरान यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह हत्या है अथवा खुदकुशी। पुलिस ने नेहा के पिता भुनेश्वर महतो से कहा है। आप अपनी शिकायत लिखित रूप में दर्ज कराएं। हम आवश्यक कार्रवाई करेंगे। पुलिस ने पूछने पर बताया उसका पति शादी के कुछ समय बाद ही कमाने विदेश चला गया था। अभी हाल फिलहाल वापस लौटा है। युवती भी अपने मायके लौट गई थी।
दोनों में कुछ मनमुटाव की बात भी सामने आई है। कुछ दिन पहले ही शंकर उसे ससुराल से लेकर अपने घर आया था। इस बीच इन दोनों के मध्य ऐसा क्या हुआ जो महज बीस वर्ष की आयु में नेहा के साथ ऐसा हुआ। हर बिंदु पर जांच चल रही है। फिलहाल प्राथमिकी लिखित रूप में दर्ज नहीं है। इस वजह से किसी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि नहीं की। लेकिन, पुलिस ने यह जरुर कहा, इन सभी के विरूद्ध हत्या की शिकायत दर्ज होगी। क्योंकि परिजन स्पष्ट रूप से यह आरोप लगा रहे हैं।






























































































