मिस फ्रेशर चुनी गईं कुमकुम, मिस टैलेंटेड का खिताब अक्सा और आभा के नाम बक्सर खबर। पुराना सदर अस्पताल परिसर स्थित जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान में गुरुवार को नवागंतुक छात्राओं (सत्र 2025-2028) के लिए एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ-साथ नर्सिंग पेशे की गरिमा और सेवा भाव को लेकर छात्राओं को प्रेरित किया गया। समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम वर्ष की छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर विजेताओं को मुख्य व विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। विजेताओं की सूची- मिस फ्रेशर: कुमकुम, मिस टैलेंटेड: अक्सा सफी एवं आभा, मिस डांसर: गुड़िया, मिस रैंप वॉक: सोनम कुमारी, मिस गेमर: वंदना कुमारी
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सह प्रभारी प्राचार्य मोहम्मद आफताब आलम इदरीश ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक आजीविका का साधन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का एक पवित्र माध्यम है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक स्वास्थ्य तंत्र की रीढ़ नर्सिंग कर्मी ही हैं। उन्होंने बेहतर समन्वय और अनुभव के माध्यम से देश के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि वरीय नर्सिंग ट्यूटर जागृति सिंह एवं सरोजिनी श्वेता दास ने छात्राओं को संबोधित करते हुए महान नर्स फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन से सीख लेने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में ‘मानवता सबसे पहले’ का संदेश दिया गया और छात्राओं ने सेवा, समर्पण और करुणा के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के स्टाफ सदस्य मुहम्मद मुबारक, अशोक, रवि, प्रिंश सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रथम वर्ष की छात्राओं ने अतिथियों को सम्मानित कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। समारोह का समापन मुख्य अतिथि द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।































































































