गुस्साए लोगों ने बक्सर-चौसा मार्ग किया जाम, घंटों फंसे रहे वाहन बक्सर खबर। नई बाजार मुहल्ले में गुरुवार की देर रात हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड संख्या तीन निवासी बीरबल यादव के पुत्र राजू यादव उम्र लगभग 24 वर्ष के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने बक्सर-चौसा मुख्य मार्ग को मठिया मोड़ के पास जाम कर जमकर हंगामा किया और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात राजू यादव अपने तीन दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर चारों में कहासुनी हो गई, जो थोड़ी ही देर में झगड़े में बदल गई। तभी एक युवक ने पिस्तौल निकालकर राजू पर गोली चला दी। गोली लगते ही राजू वहीं गिर पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद है। गोली चलाने के बाद आरोपी युवक फरार हो गए। लेकिन देर रात उन्हीं में से एक युवक ने स्वेच्छा से नगर थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अन्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों में मंगरु यादव और झगरु यादव के बेटे शामिल हैं। एक अन्य युवक से पूछताछ जारी है। नगर थाना पुलिस ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। घटनास्थल से कई अहम सबूत भी जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अहले सुबह से ही आक्रोशित लोगों ने मठिया मोड़ पर सड़क को बांस-बल्लों से घेर कर पूरी तरह जाम कर दिया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी की मांग की।