चार लेबर कोड रद्द करने, मनरेगा बहाली और भारत-अमेरिका डील वापस लेने की मांग बक्सर खबर। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आयोजित देशव्यापी हड़ताल के तहत गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित ज्योति प्रकाश चौक पर वाम दलों और मजदूर संगठनों ने सड़क जाम कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक चले जाम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने चार लेबर कोड्स को रद्द करने, मनरेगा की बहाली तथा भारत-अमेरिका ट्रेड डील को वापस लेने की मांग उठाई। हड़ताल में भाकपा-माले, माकपा और भाकपा के जिला नेतृत्व के साथ पूर्व विधायक सह आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजीत कुमार सिंह और पूर्व सांसद तेज नारायण सिंह भी शामिल हुए। प्रदर्शन में खेग्रामस, अखिल भारतीय किसान महासभा, स्कीम वर्कर्स, शिक्षक व कर्मचारी महासंघ (गोप गुट) सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि 29 श्रम कानूनों को समाप्त कर बनाए गए चार लेबर कोड मजदूरों को कानूनी सुरक्षा से वंचित कर देंगे और उन्हें मालिकों का गुलाम बना देंगे। वक्ताओं ने कहा कि ये श्रम कोड मजदूरों के बड़े हिस्से को श्रमिक की परिभाषा से बाहर कर देंगे, जिससे उनके अधिकार और अस्तित्व पर खतरा पैदा होगा। नेताओं ने इसे संविधान और श्रमिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि देश का मजदूर आंदोलन शुरू से ही इन कोड्स का विरोध करता रहा है। प्रदर्शन के दौरान नगर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जाम हटाने का आग्रह किया, लेकिन प्रदर्शकारी नहीं माने। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोंक-झोंक और हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस प्रशासन ने सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने की घोषणा की। इसके बाद प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए मॉडल थाना पहुंचे और सामूहिक गिरफ्तारी दी।
नगर थाना परिसर में करीब दो घंटे तक आंदोलनकारियों को रखा गया। हड़ताल में भाकपा-माले के जिला सचिव सह पार्टी केंद्रीय कमेटी सदस्य नवीन कुमार, माकपा जिला सचिव परमहंस सिंह, भाकपा नेता ज्योतिश्वर सिंह, खेग्रामस जिला अध्यक्ष कन्हैया पासवान, किसान महासभा के जिला सचिव रामदेव सिंह, आरवाईए जिला सचिव राजदेव सिंह, अरुण ओझा सहित अनेक नेताओं व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।































































































