मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने थाना प्रभारियों संग बैठक कर दिए निर्देश बक्सर खबर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार व्यवहार न्यायालय परिसर में आगामी 09 मई को वर्ष की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसे सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी देवेश कुमार ने अपने प्रकोष्ठ में जिले के सभी थाना अध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से अवर न्यायाधीश सह सचिव नेहा दयाल भी उपस्थित रहीं। इस दौरान लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जिला कार्यालय द्वारा चिन्हित वादों के दोनों पक्षकारों को समय पर नोटिस तामिला कराना सुनिश्चित करें। साथ ही पक्षकारों को सुलह-समझौते के आधार पर अपने मामलों के निपटारे के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन लोक अदालत के माध्यम से हो सके। उन्होंने कहा कि व्यवहार न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकारों को समय पर सूचित कर सुलह के लिए प्रेरित किया जाए तो न्यायालयों पर लंबित मुकदमों का बोझ काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस दिशा में लगातार नोटिस निर्गत कर पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि लोक अदालत आपसी सहमति से विवादों के त्वरित एवं सरल निपटारे का प्रभावी माध्यम है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।

































































































