9वीं व 11वीं कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित, एक अप्रैल को होगी प्रवेश परीक्षा बक्सर खबर। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार द्वारा संचालित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला जन संपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दरभंगा एवं किशनगंज स्थित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं तथा 11वीं (कला एवं विज्ञान संकाय) में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 मार्च निर्धारित की गई है। इन विद्यालयों में प्रवेश राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा के आधार पर दिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा एक अप्रैल को आयोजित होगी, जिसका परीक्षा केंद्र संबंधित जिले में बनाया जाएगा। वहीं परीक्षा परिणाम का प्रकाशन 15 अप्रैल को किया जाएगा। विद्यालयों में पढ़ाई बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के पाठ्यक्रम के अनुसार होगी तथा कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा भी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित की जाएगी।
अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में चयनित छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ भोजन, आवास, पठन-पाठन सामग्री, स्कूल ड्रेस, जूते आदि सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा विद्यालय परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कक्षाएं, कॉमन रूम, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और शौचालय की व्यवस्था भी उपलब्ध है। नामांकन के लिए आवेदन पत्र के साथ अभ्यर्थियों को अंचलाधिकारी द्वारा निर्गत आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्र या अंक-पत्र की स्वअभिप्रमाणित प्रति, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, जन्म प्रमाण-पत्र या शपथ-पत्र तथा आधार कार्ड की स्वअभिप्रमाणित प्रति संलग्न करनी होगी। इच्छुक अभ्यर्थी अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार की आधिकारिक वेबसाइट www.minoritywelfare.bih.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे। ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन की प्रति संबंधित जिले के जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में 20 मार्च 2026 को शाम 5 बजे तक कार्यालय अवधि में जमा करनी होगी।































































































