मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

0
2378

चंदन मिश्रा गैंग से जुड़ा है मामला, मुंगेर से आए थे कारीगर, हथियार बनाकर बड़ी वारदात की थी तैयारी                    बक्सर खबर। पुलिस ने शनिवार को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए औद्योगिक थाना क्षेत्र के दल सागर गांव में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी दिनेश यादव फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य को गुप्त सूचना मिली थी कि दल सागर गांव में एक घर में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया। टीम ने शनिवार सुबह दिनेश यादव के मकान पर छापेमारी की, जहां से 03 देशी पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, 02 मैग्जीन, 04 मोटरसाइकिल, 06 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, हथियार बनाने के औजार सहित कई सामग्रियां बरामद की गईं।

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि गिरफ्तार दुर्गेश उपाध्याय, कुख्यात चंदन मिश्रा गैंग का सदस्य है। चंदन मिश्रा की हत्या के बाद गैंग बड़े हमले की तैयारी में था। इसके लिए मुंगेर से दो हथियार कारीगरों को बुलाकर गुप्त रूप से फैक्ट्री चलाई जा रही थी। पुलिस को संदेह है कि हथियारों की सप्लाई किसी बड़े आपराधिक वारदात के लिए की जा रही थी। मुख्य आरोपी दिनेश यादव मौके से फरार हो गया, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, चंदन मिश्रा गैंग के एक अन्य सदस्य धीरज मिश्रा की भी तलाश जारी है, जिससे दुर्गेश उपाध्याय की बातचीत होती थी। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा संभव है।

मिनी गन फैक्ट्री उद्भेदन के बाद कार्यालय में प्रेसवार्ता करते एसपी शुभम आर्य

गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची व आपराधिक इतिहास:

1. संदीप यादव – सा० दल सागर, बक्सर। कई आपराधिक मामलों में संलिप्त

2. अनुप पासवान – सा० बेलाउर, बक्सर। आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज

3. दुर्गेश उपाध्याय – सा० मंझरिया, बक्सर। चंदन गैंग का सक्रिय सदस्य

4. दयानंद यादव – सा० बेलाउर, बक्सर। हत्या प्रयास समेत गंभीर आरोप

5. राजेश कुमार – सा० मिर्जापुर, मुंगेर। पिस्टल बनाने का कारीगर

6. सुनील पोदार – सा० चंदनबाग, मुंगेर। हथियार निर्माण में विशेषज्ञ

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here