उप मुख्यमंत्री के बयान को बताया जनभावनाओं के सम्मान की दिशा में सकारात्मक पहल बक्सर खबर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा खुले में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने संबंधी दिए गए हालिया बयान के बाद विश्वामित्र सेना ने इसे अपनी लंबे समय से उठाई जा रही मांग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। संगठन का कहना है कि यह संकेत दर्शाता है कि जनभावनाओं, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक संवेदनशीलता से जुड़े मुद्दों को अब गंभीरता से लिया जा रहा है। विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि संगठन वर्षों से विभिन्न मंचों के माध्यम से खुले में मांस बिक्री पर स्थायी प्रतिबंध की मांग उठाता रहा है। उन्होंने स्मरण कराया कि रामनवमी के अवसर पर बक्सर के कई स्थानों पर मांस बिक्री पर अस्थायी रोक लगाई गई थी और खुले में बिक्री बंद कराई गई थी। संगठन इसे अपनी निरंतर पहल और जनदबाव का परिणाम मानता है।
हालांकि उस समय भी उन्होंने स्पष्ट किया था कि यह व्यवस्था केवल पर्व-त्योहार तक सीमित न रहकर दीर्घकालिक और स्थायी नीति के रूप में लागू होनी चाहिए। राजकुमार चौबे ने अपने ताजा बयान में कहा कि यह केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक मर्यादा, सार्वजनिक स्वच्छता और सांस्कृतिक शुचिता से जुड़ा मुद्दा है। उनके अनुसार, खुले में मांस की बिक्री से कई बार अनावश्यक विवाद और असहज स्थिति उत्पन्न होती है, जिसे दूर करने के लिए स्पष्ट एवं स्थायी नीति आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वामित्र सेना समय-समय पर सरकार को इस विषय में आगाह करती रही है कि यदि शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। अब जबकि सरकार की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं, संगठन को उम्मीद है कि शीघ्र ही स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
































































































