बक्सर खबर। सड़क पार कर रहे व्यक्ति को आटो वाले ने ऐसी टक्कर मारी की उसकी मौत हो गई। दुर्घटना राजपुर थाना क्षेत्र के नागपुर गांव की है। अपराह्न चार बजे के लगभग सहदेव मल्लाह गांव के बधार से घर लौट रहे थे। वे खिचड़ी के मौके पर साग खाने गांव से दूर गए थे। लौटने के दौरान डेबीडेहरा नागपुर गांव के बीच बघौता पुल के पास उनके साथ अनहोनी हो गई। ग्रामीण बता रहे थे। सहदेव मल्लाह (46) अपनी पत्नी के साथ घर से निकला था। साग खाने के बाद जब वह घर लौटने लगा तो। रामपुर- नागपुर सड़क पर पहुंचकर सड़क के किनारे खड़ी एक महिला से अपनी पत्नी के बारे में पूछ रहा था। क्या आपने उसे देखा, किधर गई है।
इसी बीच पीछे से आ रहे आटो ने उसे टक्कर मार दी। गिरने के साथ ही घटनास्थल पर उसने दम तोड़ दिया। चालक वहीं अपनी आटो छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक नागपुर गांव का ही रहने वाला है। जब घटना के बारे में पत्नी ने सूना तो दौड़कर वहां आई। पति का शव देखकर वह बेहोश हो गई। गांव वालों ने उसके दो पुत्रों को इसकी सूचना फोन से दी। क्योंकि वे गोवा में रहते हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने ट्रेन पकड़कर वहां से चलने की बात कही। लेकिन, संयोग देखिए, उनके आने में दो दिनों का वक्त लगेगा। उससे ज्यादा भी लग सकता है। वहीं दूसरी तरफ पूरे गांव में मातम पसर गया है।


































































































