महाशिवरात्रि पर मकरंद जी की कालजयी कृति सोखा चालीसा का विमोचन

0
120

सोखा धाम को पर्यटन स्थल और रामायण सर्किट से जोड़ने की उठी मांग                                                 बक्सर खबर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इटाढ़ी प्रखंड के कौडेश्वर स्थित सोखा धाम (वीरभद्र धाम) में आयोजित प्रसिद्ध सोखाड़ मेला के दौरान सोखा चालीसा का भव्य विमोचन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भोजपुरी साहित्य मंडल के अध्यक्ष प्रो. अरुण मोहन भारवि ने पं. स्व. रामस्वरूप तिवारी ‘मकरंद’ द्वारा रचित इस कृति का लोकार्पण किया। सोखा चालीसा का संपादन डॉ. वैरागी प्रभाष कुमार चतुर्वेदी तथा संशोधन वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता राकेश कुमार सिंह द्वारा किया गया है। वहीं सोखा बाबा विशेषांक का प्रकाशन एसपीएस स्कूल, उनवांस द्वारा कराया गया है। पत्रिका में सोखा धाम की ऐतिहासिक एवं धार्मिक विशेषताओं पर विस्तृत आलेख भी प्रकाशित है, जो ग्रामीण समाज में इस पौराणिक स्थल के महत्व को रेखांकित करता है।

हजारों वर्षों से सोखा धाम में लगने वाला सोखाड़ मेला ग्रामीण लोक संस्कृति, भक्ति भावना, लोक रंग और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। यह मेला अपनी विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक विरासत के कारण अन्य मेलों से अलग स्थान रखता है। श्रद्धालुओं की आस्था और लोक परंपराओं के निर्वहन का यह प्रमुख केंद्र माना जाता है। विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. अरुण मोहन भारवि ने सोखा धाम को पौराणिक स्थल बताते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह मेला लोक परंपराओं के संरक्षण का सशक्त माध्यम है। डॉ. वैरागी प्रभाष कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सरकार को इस ऐतिहासिक स्थल के विकास के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सोखा धाम को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने तथा इसे रामायण परिपथ से जोड़ने की मांग की।

इस अवसर पर राकेश कुमार सिंह, पंकज पांडेय, कौशल शर्मा, बृज किशोर शर्मा, अभय तिवारी, रमेश साधु, राम वृक्ष साह, मिहिर तिवारी, रामजी पाठक, कन्हैया सिंह, जनार्दन पाठक, सिद्धनाथ पाठक, योगेंद्र नाथ तिवारी, जगदम्बा सिंह, दया शंकर तिवारी, बलवंत सिंह, भोला सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here