नहर किनारे बनेगा आधुनिक पार्क, आदमकद प्रतिमा के साथ हैंगिंग ब्रिज, किड्स प्ले जोन और ओपन जिम बक्सर खबर। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने रविवार को नाथ बाबा मंदिर के सामने और किला मैदान के पीछे बनने वाले महर्षि विश्वामित्र पार्क का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को निखारने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। इसी कड़ी में बक्सर में इस भव्य पार्क का निर्माण शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर पार्क का निर्माण होगा, वहीं कभी महर्षि विश्वामित्र का आश्रम स्थित था, जिसे चरित्रवन कहा जाता है। यही वह भूमि है, जहां रामायण काल में राम-लक्ष्मण का विश्वामित्र यज्ञ की रक्षा हेतु आगमन, ताड़का और सुबाहु वध, बल-अतिबल विद्याओं में दीक्षा, वामन अवतार स्थल का भ्रमण और गायत्री मंत्र की रचना। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिकता को ध्यान में रखते हुए ही पार्क का नाम महर्षि विश्वामित्र पार्क रखा गया है।
पार्क स्थल सोन नहर प्रमंडल की मुख्य नहर और उसकी शाखा के बीच स्थित है, जो गंगा में विलय होती है। शहरीकरण के दबाव में नहर का क्षेत्र अब गंदगी और अतिक्रमण से प्रभावित है। इसी स्थान पर लगभग एक किलोमीटर तक फैले क्षेत्र को साफ कर पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। क्या-क्या मिलेगा पार्क में? परियोजना के तहत पार्क को आधुनिक और आकर्षक बनाने के लिए कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी- वॉकिंग ट्रैक और हरियाली, सिद्धाश्रम म्यूजियम/इंटरप्रिटेशन सेंटर, रामायण प्रसंगों, वामन अवतार और पंचकोसी परिक्रमा पर आधारित कलाकृतियां, दूषित जल और कचरे के निस्तारण के लिए मिनी एसटीपी व बायो-रेमेडिएशन तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक फाउंटेन से गायत्री मंत्र की ध्वनि तरंगें, गंगा तट पर महर्षि विश्वामित्र की आदमकद प्रतिमा।

साथ ही हैंगिंग ब्रिज, ऑर्चिडेरियम, कैफेटेरिया और ग्रामीण हाट, किड्स प्ले जोन और ओपन जिम, योगा पार्क और जेन गार्डन, ओपन एयर एम्फीथियेटर, पार्किंग, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं। मंत्री ने कहा कि यह पार्क न केवल शहर के लोगों को स्वास्थ्य और मनोरंजन की सुविधा देगा, बल्कि जिले की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी संरक्षित कर पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बनेगा। इस मौके पर मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे पौधारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश पाण्डेय, राजेश सिन्हा, ज्ञान प्रकाश ओझा, सौरभ तिवारी, ज्वाला सैनी, अजय वर्मा, संजय सिंह राजनेता, साधना पाण्डेय, पूनम रविदास, मीना सिंह कुशवाहा, उमाशंकर राय समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।