बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर के आसपास अस्थायी दुकानों का होगा पुनर्वास बक्सर खबर। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ समिति की बैठक, पर्यटन विभाग द्वारा संचालित लाइट एंड साउंड योजना की समीक्षा तथा नगर परिषद बक्सर से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सहायक अभियंता, पर्यटन विभाग ने बताया कि जिले में पर्यटन विभाग की कुल चार योजनाएं क्रियान्वित हैं। इनमें बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में अतिथि गृह निर्माण एवं विश्वामित्र होटल के जीर्णोद्धार का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। शेष दो योजनाओं पर भी कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने डुमरांव एसडीओ, सीओ ब्रह्मपुर तथा ईओ नगर पंचायत ब्रह्मपुर को निर्देशित किया कि बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के आसपास संचालित अस्थायी दुकानों की सूची तैयार कर उन्हें नियमानुसार उचित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परिसर की व्यवस्था सुदृढ़ रहे। बैठक में मंदिर परिसर एवं आसपास के तालाब की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। रामरेखा घाट स्थित लाइट एंड साउंड के संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने ईओ, नगर परिषद बक्सर को BECIL एजेंसी से समन्वय स्थापित कर 16 फरवरी 2026 तक सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर शो प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह योजना जिले के पर्यटन विकास में मील का पत्थर साबित होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति देगी। बैठक में नगर परिषद से संबंधित अन्य विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।































































































