विश्वामित्र सेना ने सेवा कार्य से मनाई रविदास जयंती, असहायों के बीच किया कंबल वितरण बक्सर खबर। सदर प्रखंड के सोनबरसा पंचायत में रविदास जयंती के पावन अवसर पर समाजिक संस्था विश्वामित्र सेना द्वारा एक भव्य सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए क्षेत्र के दलित बस्ती में सैकड़ों जरूरतमंदों और असहाय लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया। इस राहत अभियान का नेतृत्व संगठन के संस्थापक सदस्य अर्जुन तिवारी ने किया। संस्था के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि संत रविदास का जीवन हमें मानवता की सेवा और समरसता की सीख देता है। इसी प्रेरणा से आज इस ठंड में ठिठुर रहे परिवारों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने संकल्प जताया कि पीड़ित मानवता की सेवा के लिए विश्वामित्र सेना भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रखेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य केवल कंबल वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद करना है। कंबल पाकर बुजुर्गों और महिलाओं के चेहरों पर सुकून और खुशी साफ देखी गई। स्थानीय निवासियों ने संस्था के इस मानवीय कदम की मुक्त कंठ से सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि जब कड़ाके की ठंड में लोगों को मदद की सबसे ज्यादा जरूरत है, तब विश्वामित्र सेना का यह प्रयास समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करता है। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति और समाजसेवी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग दिया।































































































