– एसपी ने कहा हो रही है गहन जांच, हथियार के धंधे से जुड़ रहे तार
बक्सर खबर। शहर के अमला टोली में रहने वाले व्यक्ति से एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले करण सिंह का कनेक्शन कुख्यात शेरू सिंह से है। करण की गिरफ्तारी के बाद जो सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। उससे यह संकेत मिले हैं। इस वजह से पुलिस सख्त पूछताछ कर रही है। इस संबंध में पूछने पर एसपी शुभम आर्य ने कहा कि, हमें कुछ ठोस जानकारी मिली है। शेरू के इशारे पर ही करण ने एक करोड़ की रंगदारी मांगी थी। इसके पास कुछ आपत्ती जनक तस्वीरें भी मिली हैं। इस मामले की गहनता से जांच हो रही है। जरूरत पड़ी तो पुलिस अलग प्राथमिकी भी दर्ज करेगी।
करण सिंह सिमरी थाना के दुल्हपुर गांव का रहने वाला है। ओंकार नाथ सिंह उर्फ शेरू भी इसी गांव का रहने वाला है। इस वजह से करण पर पुलिस का शक गहरा गया है। सूत्र बताते हैं, उसके फोन से जो जानकारी मिली है। वह और भी चौंकाने वाली है। इस गिरोह का कनेक्शन पड़ोसी देश नेपाल से भी जुड़ा हो सकता है। पुलिस को यह अंदेशा है कि, करण हथियार तस्करी के कारोबार से भी जुड़ा है। इस मामले में एक और युवक का नाम आया है। मामले की जांच के लिए दो-तीन टीमें लगाई गई हैं। जो जगह-जगह छापामारी कर रही है। फिलहाल उनके हाथ कुछ खास मिला है या नहीं। इसकी तस्दीक नहीं हो सकी है।




































































































