विधानसभा चुनाव में जीत के बाद कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, निर्विरोध निर्वाचन से संगठन ने दिखाई एकजुटता बक्सर खबर। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत के बाद जिले में सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल जनता दल (यूनाइटेड) के संगठनात्मक चुनाव ने नई राजनीतिक ऊर्जा का संकेत दिया है। जिले की चार विधानसभा सीटों में से दो, राजपुर और डुमरांव पर जदयू प्रत्याशियों की जीत ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है। इसी उत्साहपूर्ण पृष्ठभूमि में संपन्न संगठन चुनाव में नगर अध्यक्ष पद पर एक बार फिर संजय चौधरी पर भरोसा जताया गया। स्टेशन रोड स्थित गोयल धर्मशाला में शनिवार को जनता दल यूनाइटेड की संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। निर्धारित समय पर अध्यक्ष पद के लिए संजय चौधरी ने नगर अध्यक्ष तथा धर्मेंद्र ठाकुर ने सदर प्रखंड अध्यक्ष पद हेतु अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन अवधि समाप्त होने तक किसी अन्य प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसके बाद उपस्थित डेलीगेटों और पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
पुनः निर्वाचित नगर अध्यक्ष संजय चौधरी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और विकास कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने संगठन में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। सदर प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और पंचायत स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया नगर पर्यवेक्षक उपेंद्र राम, नगर निर्वाचन पदाधिकारी मुन्ना पासवान तथा प्रखंड पर्यवेक्षक मोहन चौधरी और प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी गोपाल लाल की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कार्यक्रम में मनोज सिंह, प्रेम मिश्रा, संजय सिंह, सतेंद्र कुमार, राममूर्ति राम, सुरेंद्र कुशवाहा, भोला यादव, निर्मल पासवान, सुशीला देवी, शिवजी यादव, राजकुमार यादव, मंटू ठाकुर, कन्हैया केशरी, संदीप केशरी, राजकुमार, भोला राम, ब्रजेश यादव, मुन्ना यादव, उमा शंकर चौधरी, अनंत सह, राधेश्याम सह, संजय कुशवाहा, कृष्णा कुमार सहित अन्य डेलीगेट उपस्थित थे।
































































































