-तीज देकर लौटते वक्त सड़क का कुत्ता बना काल
बक्सर खबर। बहन के यहां तीज का उपहार पहुंचा लौट रहे भाई की मौत हो गई। मृतक राकेश कुमार सिंह ( उम्र 55 वर्ष लगभग) रोहतास जिला के जमरोढ के रहने वाले थे। उनके साथ यह अनहोनी औद्योगिक थाना के चुरामनपुर गांव के समीप एनएच 84 पर सुबह 10 बजे के लगभग हुई।
सूत्रों ने बताया कि वह इसी थाना क्षेत्र के दहिवर गांव आए थे। बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। तभी एक कुत्ते के कारण उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्हें पुलिस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन, वहां सिर्फ खानापूर्ति ही हुई। चिकित्सकों ने बताया वे नहीं रहे। पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दे दी। घर वाले आए और कलेजे पर पत्थर रख शव को लेकर यहां से गांव लौट गए।





























































































