पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना में महिलाओं ने रखा हरतालिका तीज का व्रत

0
81

सुहागिनों ने श्रृंगार कर किया शिव-पार्वती की पूजा, मंदिरों में रही भीड़                                                             बक्सर खबर। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर मंगलवार को सुहागिन महिलाओं ने हरतालिका तीज का व्रत पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर शहर और जिले के मंदिरों में महिलाओं की भीड़ उमड़ी। रामेश्वर नाथ, पातालेश्वर महादेव, नीलकंठ महादेव, गौरीशंकर मंदिर सहित रघुनाथपुर के तुलसी आश्रम स्थित महाकालेश्वर मंदिर में व्रती महिलाओं ने विधिवत पूजा अर्चना की। परंपरा के अनुसार महिलाओं ने निर्जला उपवास रखा और श्रृंगार कर नई साड़ी, आभूषण, चूड़ी, मेहंदी और महावर धारण किया।

महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित राजू मिश्रा ने विधिवत पूजन के बाद महिलाओं को व्रत कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि यह व्रत हस्त नक्षत्र में किया जाता है। मंगलवार को तृतीया तिथि दोपहर 1 बजकर 56 मिनट तक रही। इसलिए पूजा-अर्चना और कथा का आयोजन इसी समय में किया गया। व्रत खोलने का शुभ मुहूर्त बुधवार सुबह 5:56 बजे से 7:48 बजे तक रहेगा। पंडित मिश्रा ने बताया कि हिमालय की पुत्री पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या और निर्जल उपवास किया था। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार किया। तभी से यह व्रत अखंड सौभाग्य और पति की लंबी उम्र का प्रतीक माना जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here